एफआईएच ने चार भारतीयों को 2023 विश्व कप में विभिन्न पदों पर अधिकारी नियुक्त किया

भुवनेश्वर, 29 नवंबर (हॉकी न्यूज़) अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच ) ने यहां और राउरकेला में होने वाले 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए सोमवार को चार भारतीयों को विभिन्न पदों पर अधिकारी नियुक्त किया।

सोनिया बाथला को एफआईएच ने तकनीकी अधिकारी जबकि कर्नल (डॉ) बिभु कल्याण नायक को चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया।  रघु प्रसाद और जावेद शेख को टूर्नामेंट के अंपायर के तौर पर नामित किया गया है।

दिल्ली हॉकी से संबंध रखने वाली सोनिया इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में नियुक्त होने वाली भारत की अकेली महिला होंगी।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निगोमबम ने चारों भारतीय अधिकारियों को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी।

उन्होंने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ हॉकी इंडिया के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि हमारे अधिकारी 2023 में प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मैं चारों को इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं।’’

 

शेयर करे:

Leave A Reply

संबंधित लेख