मुंबई ने सुपरजाइंट्स को 183 रन का लक्ष्य दिया

चेन्नई, 24 मई (भाषा) कैमरन ग्रीन की अगुआई में बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को यहां लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ आठ विकेट पर 182 रन बनाए।

चेन्नई, 24 मई (भाषा) कैमरन ग्रीन की अगुआई में बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को यहां लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ आठ विकेट पर 182 रन बनाए।

ग्रीन ने 41 रन की पारी खेलने के अलावा सूर्यकुमार यादव (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 66 रन की साझेदारी भी की। निचले मध्य क्रम में तिलक वर्मा (22 गेंद में 26) और निहाल वढेरा (12 गेंद में 23) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सुपरजाइंट्स की ओर से नवीन उल हक सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन चार विकेट चटकाए। यश ठाकुर ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 34 रन पर तीन विकेट हासिल किए।

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन वह विरोधी कप्तान कृणाल पंड्या के ओवर में छक्का और चौका जड़ने के बाद नवीन उल हक की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर आयुष बडोनी को कैच दे बैठे। उन्होंने 11 रन बनाए।

इशान किशन (15) ने कृणाल की मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला लेकिन इस स्पिनर ने अगली गेंद पर उनका कैच टपका दिया। इशान ने इसके बाद कृष्णप्पा गौतम का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया।

पिछले मैच के शतकवीर कैमरन ग्रीन ने नवीन पर दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन यश ठाकुर ने अपनी दूसरी ही गेंद पर इशान को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच करा दिया।

अच्छी फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार ने आते ही यश पर छक्का जड़ा। ग्रीन ने कृणाल के ओवर में तीन चौके मारे जिससे टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 62 रन बनाए।

बीच के ओवरों में सूर्यकुमार और ग्रीन ने रन गति बरकरार रखी। दोनों ने मोहसिन खान के ओवर में छक्के जड़े। सूर्यकुमार ने नवीन पर चौके के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

सूर्यकुमार हालांकि नवीन की धीमी गेंद को हवा में खेलकर लांग ऑफ पर गौतम को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के मारे।

नवीन ने इसी ओवर में ग्रीन को भी धीमी गेंद पर बोल्ड करके मुंबई को दोहरा झटका दिया। ग्रीन ने 23 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा।

नवीन के ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद मुंबई की रन गति में गिरावट आई। टीम 13 से 15 ओवर में 15 रन ही जोड़ सकी।

तिलक वर्मा ने नवीन पर छक्के के साथ रन गति में इजाफे की कोशिश की लेकिन टिम डेविड (13) अगले ओवर में यश की गेंद पर दीपक हुड्डा को कैच दे बैठे।

इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतरे निहाल वढेरा ने आते ही नवीन पर छक्का मारा लेकिन तिलक ने हुड्डा को कैच थमा दिया। वढेरा ने अंतिम ओवर में यश पर भी दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया लेकिन अंतिम गेंद पर आउट हो गए।

Source: PTI News

शेयर करे:

Leave A Reply

संबंधित लेख